कलेक्ट्रेट में लगा ‘आयुष आपके द्वार’ शिविर, 405 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

Spread the love

दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला न्यूज़ ब्यूरो

मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को ‘आयुष आपके द्वार’ के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 405 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। जरूरत के अनुसार मरीजों को निःशुल्क औषधियां भी वितरित की गईं।


जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों को दिए जा रहे परामर्श और उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक और जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. विधु शेखर मलिक की देखरेख में शिविर आयोजित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर के साथ तहसील दिवसों में भी आयुष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ना और उन्हें स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराना है।


शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन नायक, चिकित्सा अधिकारी डॉ. नदीम परवेज, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. वर्णिका रानी, यूनानी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. नदीम अहमद मलिक और होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजली राय ने मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया।
शिविर के आयोजन में होम्योपैथिक फार्मेसिस्ट इफ्तेखार और श्रेया का सहयोग रहा। योग प्रशिक्षक देवेंद्र कुमार, गौरव त्यागी और योग सहायक सुनील कुमार ने भी लोगों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। शिविर में मरीजों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों के लाभों की जानकारी भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *