
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और साध्वी निरंजन ज्योति ने संतों से लिया आशीर्वाद
दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/संवाददाता
वृंदावन। श्रीधाम वृंदावन में चल रहे श्री स्वामी हरिदास जी महाराज के 546वें आविर्भाव महोत्सव के चौथे दिन बुधवार को श्री स्वामी हरिदासीय रसोपासना पीठ आश्रम में विशेष महाअभिषेक का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए महाअभिषेक में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर स्वामी हरिदास जी महाराज का स्मरण किया।महाअभिषेक कार्यक्रम श्री स्वामी हरिदासीय रसोपासना पीठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।इस दौरान आश्रम परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।महोत्सव में उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी पहुंचीं। दोनों ने महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया। आश्रम के साधु-संतों की ओर से अतिथियों का शॉल, पटका और प्रसादी भेंट कर स्वागत किया गया।इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज के आध्यात्मिक और साहित्यिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाराज द्वारा करीब 90 ग्रंथों की रचना किया जाना उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज हरिदासीय संप्रदाय की परंपरा और विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ उसे नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।महाअभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय नजर आया। दिनभर धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने स्वामी हरिदास जी महाराज की भक्ति एवं साधना परंपरा का स्मरण किया।मीडिया से बातचीत के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से राजनीतिक विषयों को लेकर भी सवाल किए गए, लेकिन उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी करने से परहेज किया। आयोजकों के अनुसार सात दिवसीय आविर्भाव महोत्सव के आगामी दिनों में भी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
