
दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/ संवाददाता
मुरादाबाद। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को मंडल मूंढापांडे और मंडल दलपतपुर में बाइक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। 29 विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा में सहभागिता की। इस दौरान तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया।
मंडल मूंढापांडे की यात्रा कैंप कार्यालय, महर्षि दयानंद सरस्वती लॉ कॉलेज, भदासना से शुरू होकर बूजपुर आशा पहुंची। यहां से यात्रा वापस लौटकर दलपतपुर ब्लॉक सभागार में संपन्न हुई। वहीं मंडल दलपतपुर की यात्रा आर्केडिया ग्रीन, जीरो प्वाइंट से शुरू होकर दलपतपुर ब्लॉक सभागार पहुंची।
यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान को बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता करने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

