दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/संवाददाता

मैनाठेर। क्षेत्र के गांव मिलक नवाब वाली में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह की ओर से ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। विधायक प्रतिनिधि विक्की ठाकुर ने चौपाल में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।चौपाल में ग्रामीणों ने आवास योजना से जुड़ी समस्याओं के साथ ही वृद्धावस्था और विधवा पेंशन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

ग्रामीणों ने पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित मामलों का निस्तारण कराने की मांग की।इसके अलावा गांव के मुख्य रास्ते की खराब स्थिति को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी परेशानी बताई। ग्रामीणों के अनुसार मुख्य मार्ग गांव के आवागमन का प्रमुख रास्ता है, लेकिन इसकी खराब स्थिति के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक प्रतिनिधि विक्की ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि मुख्य रास्ते की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही अन्य समस्याओं के समाधान का भी ग्रामीणों को भरोसा दिलाया।ग्राम चौपाल के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें दर्ज कीं और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
