दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/संवाददाता
मुरादाबाद ।मूंढापांडे ब्लॉक की ग्राम पंचायत गोवर्धनपुर/गोविंदपुर कलां में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख डॉ. नवदीप यादव, विधायक प्रतिनिधि जयवीर सिंह ठाकुर, अशोक कुमार प्रजापति और रामकिशोर लोधी ने किया।ग्राम चौपाल में ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विधायक प्रतिनिधि जयवीर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास, सुशासन तथा गरीब कल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।इस दौरान गांव के बच्चों और खिलाड़ियों ने क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी और हॉकी सहित विभिन्न खेलों के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने का मुद्दा अधिकारियों के सामने रखा। इस पर एडीओ पंचायत देवेश कन्हैया ने कहा कि खिलाड़ी एक टीम गठित कर ब्लॉक कार्यालय में आवेदन जमा करें। आवेदन प्राप्त होने के बाद खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।ग्राम चौपाल में खंड विकास अधिकारी प्रेम सिंह, ग्राम प्रधान सत्येंद्र यादव, सचिव अमित कुमार, सचिव स्वाति चौहान, सोनू रस्तोगी, पंकज उर्फ विक्की ठाकुर, शीशुपाल, पंचायत सहायक सुमित कुमार यादव, प्रधानाध्यापक राजवीर यादव, रामा यादव, राजेंद्र यादव, जयवीर यादव, डीलर अमरीश यादव, अनुज कसाना, संदीप कुमार सहित अन्य ग्रामीण और अधिकारी मौजूद रहे।

