
थाना प्रभारी ने धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की
मैनाठेर। जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर शनिवार को मैनाठेर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने क्षेत्र के धर्मगुरुओं, मौलानाओं और गणमान्य लोगों के साथ त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर चर्चा की।थाना प्रभारी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश देता है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिससे क्षेत्र में तनाव या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो।पुलिस अधिकारियों ने बैठक में मौजूद लोगों से अपील की कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या विवादित सामग्री प्रसारित नहीं करने की हिदायत दी गई।

थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। सभी ने जश्ने ईद मिलादुन्नबी का त्योहार शांतिपूर्ण, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की बात कही।
