
कांठ रोड पर कोठीवाल डेंटल कॉलेज के पास हुआ विशाल भंडारा, ड्रोन से पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का किया स्वागत
दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/ संवाददाता
मुरादाबाद। सावन माह में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की सेवा और स्वागत के लिए रविवार को कांठ रोड स्थित कोठीवाल डेंटल कॉलेज के पास विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में जिलाधिकारी मुरादाबाद और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद ने पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत किया और उन्हें प्रसाद वितरित किया।कांवड़ियों के स्वागत के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। इस दौरान ड्रोन कैमरे के माध्यम से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। आसमान से फूल बरसते देख कांवड़ियों में उत्साह नजर आया।अधिकारियों ने कांवड़ियों का अभिनंदन करते हुए उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया। जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कांठ रोड पर कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों से भी कांवड़ यात्रा मार्ग पर नजर रखी जा रही है।

ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से भी यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील की।कांवड़ियों के स्वागत और पुष्पवर्षा से कांठ रोड पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
