
दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/संवाददाता
मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने कृषि और किसान हित से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में दर्ज त्रुटियों के सुधार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। किसानों ने बताया कि जनपद स्तर पर सुधार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण पात्र किसानों को योजना का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को आवश्यक कार्रवाई कर किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर भी किसानों ने अपनी बात रखी। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी तय करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी जाए। साथ ही स्थानीय लोगों को भी श्रमदान के लिए प्रेरित किया जाए।
किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए कि जिन बैंकों में किसानों के मामलों में लापरवाही सामने आ रही है, वहां के बैंक प्रबंधकों से समस्या के कारणों की जानकारी ली जाए और किसानों की समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण कराया जाए।नकली दूध और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि विभागीय स्तर पर अभियान लगातार जारी है और अब तक 30 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष सतर्कता बरतते हुए प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।किसान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मालवीय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
