डीएम ने विधायक कुंदरकी के साथ मूढ़ापांडे क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों का किया स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

बचाव एवं राहत व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जलस्तर सामान्य होने के बाद कराया जाएगा फसल क्षति का सर्वे।

दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/संवाददाता

मुरादाबाद। कोसी नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित मूढ़ापांडे क्षेत्र के गांवों में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ट्रैक्टर से ग्राम भीतखेड़ा, हिरनखेड़ा, मिलक, बिसाड़ समेत तटीय क्षेत्रों में पहुंचे और बाढ़ की स्थिति, जलभराव तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बाढ़ शरण स्थलों, मेडिकल कैंप और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किए जाएंगे।डीएम ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों के खेतों में अभी पानी भरा हुआ है, हालांकि जलस्तर तेजी से कम भी हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों से जलस्तर और बाढ़ की स्थिति में होने वाले किसी भी बदलाव की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा।रजेड़ा नदी के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि नदी पर पुल बना हुआ है। नदी के बहाव क्षेत्र में सुधारात्मक कार्य कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे।जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुख्य रूप से पॉपुलर के पेड़ और धान की फसल है। धान में पानी सहने की क्षमता अधिक होने के कारण फिलहाल बड़े नुकसान की संभावना कम है। अन्य फसलों को हुई संभावित क्षति का वास्तविक आकलन जलस्तर सामान्य होने के बाद किया जाएगा। इसके लिए राजस्व टीम द्वारा सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पात्र किसानों को फसल क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। प्रशासनिक टीम पूरी तरह सतर्क है और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार सिंह, आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *