दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/ संवाददाता

सुबह चार बजे मिली सफलता, तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
ठाकुरद्वारा। तहसील ठाकुरद्वारा क्षेत्र के ग्राम बलिया में पिछले कुछ समय से तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में बनी चिंता के बीच वन विभाग की रेस्क्यू टीम को बड़ी सफलता मिली। सोमवार सुबह करीब चार बजे वन विभाग की ओर से लगाए गए केज ट्रैप में तेंदुआ फंस गया। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया।वन विभाग की टीम ने तेंदुए को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखते हुए पूरी कार्रवाई को संवेदनशीलता के साथ अंजाम दिया। रेस्क्यू के दौरान मौके पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। तेंदुए के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय है। विभागीय टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दे रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जंगल या खेतों के आसपास अकेले न जाएं और किसी भी वन्यजीव की सूचना मिलने पर स्वयं उसके करीब जाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।तेंदुए के रेस्क्यू के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल कुछ कम हुआ है। वन विभाग की टीम आगे भी क्षेत्र में निगरानी बनाए रखेगी।
