सपा विधायक हाजी फहीम इरफान ने कांवड़ियों का किया सेवा-सत्कार

Spread the love

कहा- बिलारी की गंगा-जमुनी तहजीब है मिसाल, सभी धर्मों का सम्मान करना हमारा दायित्व

दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/संवाददाता

बिलारी। सावन माह में ब्रजघाट और हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने नगर के डाक बंगला के निकट स्थित सपा कैंप कार्यालय पर स्वागत और सेवा-सत्कार किया। मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों को विधायक ने कैंप कार्यालय पर विश्राम करने का आग्रह किया।
कांवड़ियों के कैंप कार्यालय पहुंचने पर विधायक ने उन्हें बैठाकर जलपान कराया और फल खिलाए। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से उनकी धार्मिक यात्रा के बारे में जानकारी ली और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी होने पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि बिलारी विधानसभा क्षेत्र गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है। यहां सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते हैं और एक-दूसरे के पर्वों में शामिल होकर सामाजिक एकता का संदेश देते हैं।
उन्होंने कहा कि उनके वालिद-ए-मोहतरम और बिलारी के प्रथम विधायक मरहूम हाजी मोहम्मद इरफान भी शिव भक्तों और कांवड़ियों की सेवा किया करते थे। उन्होंने कहा कि हम सभी एक हैं और हमें सभी धर्मों एवं आस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। आपसी भाईचारा और सौहार्द ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *