

रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधने मायके जा रही थी पूनम, हादसे के बाद परिजनों ने जताई नाराजगी
दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला /संवाददाता गुलाम मस्तफा
मैनाठेर। रक्षाबंधन के अवसर पर भाइयों को राखी बांधने मायके जा रही महिला की गुरुवार शाम डींगरपुर चौराहे के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके पति भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हादसे की जांच कर जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।बिजनौर के नयागांव निवासी पूनम त्यागी (42) अपने पति बिरजू त्यागी के साथ बाइक से मैनाठेर क्षेत्र के भीखनपुर चोपड़ा स्थित मायके जा रही थीं। बताया गया कि शाम के समय डींगरपुर चौराहे के पास पहुंचने पर उनकी बाइक की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद पूनम सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उनके पति बिरजू भी घायल हो गए।घटना के बाद घायल बिरजू ने अपने स्वजन को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। पूनम का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रक्षाबंधन के मौके पर मायके पहुंचकर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही पूनम की अचानक मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।हादसे को लेकर परिजनों ने वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से चला गया। परिजनों ने डींगरपुर चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि हादसे में शामिल वाहन की पहचान हो सके।परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि उन्हें समय से जानकारी नहीं दी गई। इसको लेकर मौके पर कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल बिरजू का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना में शामिल वाहन के संबंध में जांच कर रही है।पूनम की मौत से परिवार में मातम पसरा है। उनके तीन बच्चों दिव्या, मनीषा और अभय कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।


