गांगन तिराहे पर कांवड़ियों की सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस

Spread the love

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर रही पुलिस की पैनी नजर, सीओ बिलारी ने संभाली व्यवस्था

दैनिक ए एल सी नवभारत उजाला/संवाददाता

मुरादाबाद /मैनाठेर। सावन माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर मैनाठेर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। इतवार को गांगन तिराहे पर पुलिस ने कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी संभाला। पुलिस की मुस्तैदी के चलते शिवभक्तों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।गांगन तिराहे पर सीओ बिलारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मैनाठेर प्रभारी किरन पाल सिंह और गांगन चौकी प्रभारी आकाश त्यागी पुलिस बल के साथ तैनात रहे।

पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों के आने-जाने वाले मार्गों पर लगातार निगरानी रखी और यातायात को व्यवस्थित कराया।हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गांगन तिराहा शिवमय हो गया। रास्ते से गुजर रहे स्थानीय लोग भी कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए।पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

गांगन तिराहे पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और बेहतर यातायात प्रबंधन के चलते कांवड़ियों का आवागमन सुचारु रूप से जारी रहा।पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *