मानदेय बढ़ोतरी पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

Spread the love

मुरादाबाद दलपतपुर। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में हुई वृद्धि के उपलक्ष्य में शनिवार को विकासखंड मूंढापांडे के ब्लॉक सभागार दलपतपुर में सामूहिक धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 29 विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम धन्यवाद प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की ओर से प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव और आभार को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं महिला और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके हित में मानदेय में वृद्धि का निर्णय सराहनीय है। सरकार के इस फैसले से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान, सशक्तीकरण और कल्याण को मजबूती मिलेगी तथा उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ‘गोल्ड सुपर आंगनबाड़ी’ प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कार्यकत्रियों ने इसे अपने कार्य के प्रति प्रोत्साहन बताते हुए खुशी जताई। कार्यक्रम में संबंधित विभाग के अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने कहा कि मानदेय में वृद्धि उनके लिए महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इस फैसले से उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने मानदेय वृद्धि के निर्णय का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *